वोज़िन्हा के नाम एक खुला खत...
प्रिय वोज़िन्हा,
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का इतिहास जब लिखा जाएगा, तो शायद उसके पहले पन्ने पर विश्व चैंपियन का नाम होगा। लेकिन कुछ पन्ने ऐसे भी होंगे, जहां ट्रॉफी नहीं, बल्कि जज़्बे की कहानी लिखी जाएगी... और उन पन्नों पर तुम्हारा नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा।
फुटबॉल की दुनिया तुम्हें सिर्फ़ एक गोलकीपर के रूप में याद नहीं रखेगी। वह तुम्हें उस योद्धा के रूप में याद रखेगी जिसने अपनी दोनों हथेलियों से दुनिया की सबसे ताकतवर टीमों के सपनों को बार-बार रोक दिया।
फीफा रैंकिंग में 67वें स्थान पर मौजूद एक छोटे से देश की जर्सी पहनकर तुम मैदान में उतरे, लेकिन खेल ऐसा दिखाया कि स्पेन, उरुग्वे और अर्जेंटीना जैसी दिग्गज टीमें भी तुम्हारे सामने संघर्ष करती नज़र आईं।
अर्जेंटीना के खिलाफ तुम्हारे वे अविश्वसनीय बचाव... हर डाइव, हर छलांग और हर सेव बता रही थी कि गोलपोस्ट के सामने एक गोलकीपर के साथ पूरे केप वर्डे का आत्मविश्वास खड़ा है।
अर्जेंटीना के खिलाफ मैच की जब आख़िरी सीटी बजी... तब कैमरा तुम्हारी आंखों पर ठहर गया, जिनमें आंसू थे। लेकिन यकीन मानो, दुनिया ने उन्हें हार के आंसू नहीं समझा। वे उस सफर के आंसू थे जिसने करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
ये सच है कि तुम विश्व कप नहीं जीत सके... लेकिन तुमने वह जीत हासिल की, जो हर खिलाड़ी के नसीब में नहीं होती... लोगों का सम्मान, दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों का प्यार।
यकीनन अब बच्चे तुम्हारी जर्सी पहनना चाहेंगे। गोलकीपर तुम्हारे वीडियो देखकर सीखेंगे। और फुटबॉल प्रेमी जब भी 2026 फीफा कप को याद करेंगे, तो ट्रॉफी के साथ एक नाम और ज़रूर लेंगे... वो नाम तुम्हारा होगा वोज़िन्हा।
तुमने साबित कर दिया कि महान बनने के लिए बड़े देश में जन्म लेना ज़रूरी नहीं होता। बड़ा दिल, बड़ा हौसला और बड़े सपने ही किसी खिलाड़ी को अमर बनाते हैं। शायद इस बार ट्रॉफी तुम्हारे हाथों में नहीं आई... लेकिन तुमने पूरी दुनिया का दिल अपनी मुट्ठी में ज़रूर कर लिया।
तुम हारकर भी उन चंद खिलाड़ियों में शामिल हो गए, जिन्हें फुटबॉल हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा। एक फुटबॉल प्रेमी की ओर से एक योद्धा, एक चट्टान जैसे गोलकीपर वोज़िन्हा को सलाम और ढेर सारा प्यार!

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें