केप वर्डे की टीम के नाम एक खुला ख़त...


प्रिय केप वर्डे,

फीफा वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों के नाम इतिहास की किताबों में लिखे जाते हैं। लेकिन कुछ टीमें ऐसी होती हैं, जो किताबों से पहले लोगों के दिलों में अपनी जगह बना लेती हैं। तुम उन्हीं टीमों में से एक हो।

फीफा रैंकिंग में 67वें स्थान पर मौजूद, पांच लाख की आबादी वाले एक छोटे से देश ने जब विश्व कप में कदम रखा, तो शायद ही किसी ने सोचा होगा कि तुम फुटबॉल की सबसे बड़ी ताकतों को इस तरह चुनौती दोगे।

तुमने स्पेन को रोका, उरुग्वे को रोका, सऊदी अरब के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे और अर्जेंटीना जैसी विश्व चैंपियन टीम को भी 90 मिनट तक जीतने नहीं दिया। यह नतीजे पूरी दुनिया के लिए एक संदेश था कि फुटबॉल में नाम के साथ हौसला खेलता है।

तुम्हारे हर खिलाड़ी ने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया। हर टैकल, हर पास, हर सेव और हर दौड़ में एक पूरे देश का सपना दिखाई देता था। फिर अर्जेंटीना के खिलाफ मैच में आख़िरी सीटी बजी... स्कोरबोर्ड ने अर्जेंटीना को विजेता तय कर दिया, लेकिन फुटबॉल प्रेमियों ने अपने दिलों में एक और विजेता चुन लिया... वो तुम हो केप वर्डे।

तुम ट्रॉफी नहीं उठा सके, लेकिन तुमने दुनिया भर के करोड़ों लोगों का सम्मान जीत लिया। यह सम्मान किसी भी पदक या ट्रॉफी से कम नहीं होता। अब जब भी 2026 विश्व कप की चर्चा होगी, तो लोग चैंपियन के साथ केप वर्डे की टीम को भी याद करेंगे... वही केप वर्डे जिसने पहली बार विश्व कप खेला और पूरी दुनिया को अपना प्रशंसक बना लिया।

तुमने साबित कर दिया कि सपनों का आकार देश की आबादी या रैंकिंग से तय नहीं होता। सपनों का आकार खिलाड़ियों के हौसले से तय होता है। इस बार सफर यहीं थम गया... लेकिन यकीन मानो, यह किसी एक नई फुटबॉल ताकत की शुरुआत है... न की कहानी का अंत।

सलाम, केप वर्डे! तुम हारकर भी उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गए हो, जिन्हें फुटबॉल हमेशा प्यार, सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम खुला खत...

वैलेनटाइन डे : सेक्स वर्करों के लिए जिस्म का खेल ही प्यार

रण-बांकुरा सचिन