क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम खुला खत...


Dear Cristiano Ronaldo,

हर कहानी का एक आख़िरी अध्याय होता है, लेकिन कुछ किरदार ऐसे होते हैं जिनकी गूंज आख़िरी पन्ने के बाद भी सुनाई देती है। आप उन्हीं में से एक हैं।

फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी शायद आपकी झोली में नहीं आई। इतिहास जब आपके नाम के आगे उपलब्धियां गिनाएगा, तो यह बात भी दर्ज होगी। लेकिन इतिहास यह भी लिखेगा कि एक लड़का, जिसने पुर्तगाल के छोटे से द्वीप मदीरा से सफर शुरू किया, उसने पूरी दुनिया को यह यकीन दिलाया कि मेहनत, अनुशासन और जुनून से असंभव भी संभव हो सकता है।

हमने आपको गिरते देखा, फिर उठते देखा। आलोचनाओं के बीच मुस्कुराते देखा। हार के बाद और मजबूत होकर लौटते देखा। हर गोल के साथ आपने स्कोरबोर्ड बदलने के साथ करोड़ों सपनों को नई उड़ान दी।

232 अंतरराष्ट्रीय मैच, 146 गोल, छह विश्व कप, अनगिनत रिकॉर्ड... ये सब आपकी महानता का हिस्सा हैं, लेकिन आपकी सबसे बड़ी पहचान वह प्रेरणा है जो आपने दुनिया भर के युवाओं को दी। आपने सिखाया कि प्रतिभा आपको शुरुआत दिलाती है, लेकिन महानता तक पहुंचाने का काम निरंतर मेहनत करती है।

विश्व कप आपके करियर का अधूरा सपना रह गया, लेकिन इससे आपकी विरासत अधूरी नहीं होती। क्योंकि कुछ खिलाड़ियों को ट्रॉफियां महान बनाती हैं और कुछ खिलाड़ी अपनी मौजूदगी से ट्रॉफियों की चमक बढ़ा देते हैं।

फुटबॉल की हर पीढ़ी किसी न किसी महान खिलाड़ी को अपना हीरो चुनती है। हमारी पीढ़ी भाग्यशाली रही कि उसने आपको खेलते देखा। यकीन मानिए दुनिया आपको उस जज़्बे के लिए याद रखेगी जिसने करोड़ों लोगों को कभी हार न मानने की सीख दी।

फुटबॉल को जुनून, अनुशासन और सपनों की भाषा बनाने के लिए आपका शुक्रिया।

अलविदा CR7...



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

वैलेनटाइन डे : सेक्स वर्करों के लिए जिस्म का खेल ही प्यार

रण-बांकुरा सचिन